7 संतानों के पिता ने नाबालिग पुत्री से किया दुष्कर्म, पहुंचा सलाखों के पीछे
साबरकांठा | जिले के हिम्मतनगर में पिता-पुत्री के पवित्र रिश्तों को तार तार करने वाली घटना सामने आई है| 7 संतानों के पिता ने अपनी नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म किया| पीड़िता और उसकी माता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू की है| जानकारी के मुताबिक साबरकांठा जिले के हिम्मतनगर में 60 वर्षीय आरोपी पत्नी, पांच पुत्री और दो पुत्रों के साथ रहता है| सोमवार की सुबह आरोपी की पत्नी मजदूरी करने गई थी| जबकि चार संतानें स्कूल गई थीं| उस वक्त 7 संतानों के पिता ने 17 वर्षीय अपनी सगी बेटी के साथ दुष्कर्म किया| पड़ौस में रहनेवाली महिला को जब इसका पता चला तो वह तुरंत मोपेड लेकर मजदूरी करने गई आरोपी की पत्नी के पास पहुंच गई और उसके पति के दुष्कृत्य की जानकारी दी| काम छोड़ घर पहुंची महिला अपनी बेटी की हालत देख कांप उठी| नाबालिग बेटी कमरे का दरवाजा बंद कर बाहर खड़ी रो रही थी| बेटी को लेकर महिला बी डिवीजन थाने पहुंची और अपने पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवा दी| घटना को गंभीरता से लेते पुलिस तुरंत हरकत में आई और आरोपी शख्स को उसके घर से दबोच लिया और पोक्सो समेत अन्य दफाओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की|